परिचय
नाम बिमला बाथम
पद विधायक गौतमबुद्व नगर उत्तर प्रदेश
जन्म तिथि 06 दिसंबर 1951
मूल निवास शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश
शिक्षा एमए. बरेली कॉलेज बरेली
अभिरूचि साहित्य पढ़ना
‘बुनियादी समस्याओं के समाधान कर जनता को दिलाऊंगी उनका हक’
अश्वनी श्रीवास्तव
नोएडा। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्व नगर से पहली बार महिला प्रत्याशी के रूप में जीत कर बिमला ने न सिर्फ अपना नाम रोशन किया, बल्कि उन महिलाओं का भी हौसला अफजाई किया है, जो देश के आवाम की आवाज बनना चाहती हैं। प्रारंभिक जीवन से जन-गण की आवाज उठाने वाली बिमला को खासे संघर्ष के बाद आखिरकार गौतमबुद्व नगर की जनता ने अपना प्रतिनिधित्व सौंप दिया। करियर के शुरुआती दिनों में ही बिमला जनपद से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और बाद में पदाधिकारी भी रही, लेकिन 2014 में संपन्न हुए लोकसभा चुनावों में जब भारतीय जनता पार्टी ने देश में ऐताहासिक जीत दर्ज। इस लोकसभा चुनाव में नोएडा से डॉ. महेश शर्मा की जीत के बाद यहां विधानसभा की सीट खाली हुई। जिस पर पार्टी ने बिमला को ही जनपद से अपना चेहरा बनाया आइए आप को रू-ब-रू कराते हैं जनपद की जन प्रतिनिधि बिमला बाथम से।
प्रश्न- जनता द्वारा प्रतिनिधित्व मिलने के बाद आपकी प्राथमिकता क्या है?
मेरी सर्वप्रथम प्राथमिकता क्षेत्र का विकास करना है। और जनता से किया हुआ वायदा पूरा करना है। नोएडा में पानी की समस्या है। लोगों की माने तो पानी पीने योग्य क्या नहाने योग्य नहीं है।
प्रश्न- जनता तक शुद्ध जल की आपूर्ति के लिए आप क्या कर रही है?
पानी की समस्या जल्द हल करना हमारे प्रमुख एजेंडें में है। इसके लिए हमने कई बार जिला प्रशासन के संबंधित अधिकारियों को भी पत्र लिखा है साथ ही जनता को पीने का स्वच्छ पानी मिले इसके लिए हमने कई बार प्रदर्शन भी किया है। हमारे कई बार आंदोलनरत होने के बाद भी जिला प्रशासन इस समस्या का हल खोजने में तत्परता नहीं दिखा रहा है। और गंगाजल बोलकर लोगों को गंदा जल पिला रहा है।
प्रश्न- पॉवर कट की समस्या और इससे उद्योगों के हो रहे पलायन की समस्या से कैसे निजात दिलाएंगी?
मै जनप्रतिनिधि होने के पूर्व से इस मुद्दे पर पार्टी की तरफ से लगातार शासन व प्रशासन से लड़ती रही हूं। जनता का चेहरा बनने के बाद भी मैने कई बार राज्य सरकार को इस समस्या से अवगत कराया व इस समस्या को हल करने के लिए भी निवेदन किया, लेकिन सत्ता में बैठी वर्तमान सपा सरकार किसी की बात सुनने को राजी ही नहीं है। जबकि सबसे ज्यादा रेवेन्यू पूरे राज्य को इसी हिस्से से मिलता है।
प्रश्न- प्रमुख मार्गों को यदि छोड़ दे, तो कई कॉलोनियों में तो पैदल चलना तक दूभर है। सड़क सुधार के लिए क्या कर रही हैं आप?
विधायक निधि से कई कार्य पास हो गए है। मैं चाहती हूं कि मेरी विधायक निधि का एक-एक पैसा क्षेत्र और जनता के विकास में लगे। मैने कच्ची कॉलोनियों की स्थिति से जिला प्रशासन को अवगत करा दिया है। जिस पर सरकार ने मेरे द्वारा भेजी गई विकास रिपोर्ट के आधार पर ही जिला प्रशासन को मंजूर कर दिया है। आने वाले समय में उन स्थानों पर विकास कार्य शुरू हो जाएंगें।
प्रश्न- टॉवरों के रेडियेशन उत्पन्न होने वाली समस्यों से आप जनता को कैसे निजात दिलाएंगी ?
इस बाबत मुझसे अभी तक किसी ने संपर्क नहीं किया है, लेकिन यदि निकट भविष्य में कोई संपर्क करेगा, तो हम आगे बढ़कर उसकी मदद करेंगे। मेरे लिए सर्वप्रथम हमारे क्षेत्रवासियों की जीवन रक्षा है उसके बाद कोई अन्य कार्य।
प्रश्न- हमारे समाचार पत्र से आप जनता को क्या संदेश देना चाहती है?
मै सर्वप्रथम आपके समाचार पत्र को शुभकामनाएं देना चाहती हूं। मैं शहर वासियों से अपील करती हूं कि जनपद को साफ-सुथरा रखे। और मोदी जी के अभियान को बढ़ चढ़कर आगे बढाÞए। मै क्षेत्रवासियों को आपके समाचार पत्र के माध्यम से कहना चाहती हूं कि न वो खुद पर अन्याय होने दे और न किसी और पर यदि किसी पर अन्याय हो रहा हो, तो उसे न्यायसंगत करने का प्रयास करें।