Wednesday 22 July 2015

‘राष्ट्रीय उजाला’ एक्सक्लूसिव : मां के नक्शे कदम पर चलेंगे राहुल

-पार्टी मुख्यालय में वीआईपी के साथ-साथ आमजन से भी मिला करेंगे कांग्रेस उपाध्यक्ष
-एसपीजी ने कुछ शर्तों के साथ दी अपनी मंजूरी
-24 अकबर रोड में लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
-सीसीटीवी के लिए कई एजेंसियां कर रही हैं सर्वे
विभूति कुमार रस्तोगी
नई दिल्ली। देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस अपने अभी तक के सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। पार्टी 44 सांसदों के साथ विपक्ष की अपनी भूमिका से जनता के बीच संवाद स्थापित करने में लगी है। लेकिन अब खुद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी अपनी मां और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के नक्शे कदम पर चलकर आम लोगों से जुड़ना और मिलना-जुलना शुरू करना चाहते हैं।
दरअसल, सन 2004 तक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी खुद कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड पर वीवीआईपी, नेता और अप्वाइंटमेंट लेकर आने वाले लोगों से मुलाकात करती थीं। इसके अलावा वह जाते वक्त मुख्यालय में उनसे मिलने की आस लगाकर आए देश भर के आम लोगों से भी मिला करती थीं। यह परंपरा सोनिया गांधी ने 2004 तक जारी रखी थी। सन 2004 के बाद केंद्र में कांग्रेस नीत यूपीए की सरकार बनने के बाद उनका कांग्रेस मुख्यालय में इस तरह आम लोगों से मिलने का सिलसिला बंद हो गया। केंद्र और दिल्ली से कांग्रेस की सरकार जाने के बाद अब 11 साल पहले की अपनी मां द्वारा शुरू की गई परंपरा को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी फिर शुरू करने जा रहे हैं।
वैसे अभी भी राहुल गांधी कांग्रेस मुख्यालय आते हैं और लोगों व नेताओं आदि से मिलते हैं। लेकिन उनका मिलन उन्हीं लोगों से होता है जिनका पहले से अप्वाइंटमेंट फिक्स होता है। अब वे उन लोगों से मिलने के बाद जाने लगेंगे तो एक विशेष व्यवस्था के तहत कांग्रेस मुख्यालय में उन आम लोगों और आम कांग्रेस जन से भी मिलेंगे जो बिना किसी अप्वाइंटमेंट के पार्टी मुख्यालय में अपनी बात रखने या मिलने आते हैं।
कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी एक हफ्ते में करीब 2-3 बार कांग्रेस मुख्यालय आएंगे और ऐसा करेंगे। हालांकि राहुल अपने हिसाब से समय और दिन घटा और बढ़ भी सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले राहुल की सुरक्षा में लगे एसपीजी से बात की गई। एसपीजी ने कुछ शर्तों के साथ इसकी मंजूरी दे दी। इसके लिए आम जन को एक निर्धारित जगह पर एक लाइन में लगना होगा ताकि जाते वक्त राहुल सबसे मिलते हुए आगे बढ़ते जाएं। एसपीजी ने कांग्रेस मुख्यालय की बेहतर सुरक्षा के लिए और अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने की बात कही है। इस पर कांगे्रस के आला नेताओं ने पहल शुरू भी कर दी है। कांग्रेस मुख्यालय के बुलावे पर सीसीटीवी लगाने के लिए कई एजेंसियों ने सर्वे का काम भी पूरा कर लिया है। संभवत: कुछ दिनों में सीसीटीवी कैमरे लगने भी शुरू हो जाएंगे। राहुल गांधी की इस पहल से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता बेहद खुश हैं। उनका कहना है कि राहुल जब से दो महीने की छुट्टी से लौटे हैं, उनका लोगों से मिलने-जुलने का दायरा बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता इसे पार्टी के लिए शुभ संकेत मान रहे हैं।

No comments:

Post a Comment